जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बादल फटने के बाद अचानक आई फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ और मलबे की वजह से कई सड़कें बंद हो गई हैं। डोडा जिले के भलेसा के कलालगिसर क्षेत्र में बादल फटने की घटना के बाद इलाके में अचानक तेज बहाव आ गया।

फ्लैश फ्लड के साथ भारी मात्रा में मलबा सड़कों पर जमा हो गया, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। लगातार हो रही बारिश के कारण हालात और चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है, जबकि संबंधित विभाग सड़क संपर्क बहाल करने और प्रभावित क्षेत्रों का आकलन करने में जुटे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है।

