बिहार के कैमूर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया।
घटना भभुआ नगर के वार्ड नंबर 25 की है। मृतका की पहचान 50 वर्षीय शकुंतला देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, महिला मंगलवार शाम अपने घर की दूसरी मंजिल की छत पर खड़ी थीं।

इसी दौरान तेज आंधी और मूसलाधार बारिश शुरू हुई तथा अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में उन्हें भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। प्रशासन ने बारिश और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, छतों और पेड़ों के नीचे न जाने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।

