मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने संयुक्त रूप से जुलूस मार्ग, कर्बला स्थल और मेला स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने झंडा चौक, खिरगांव चौक, लोहसिंघना, मंडई कर्बला, पेलावल समेत छड़वा डैम स्थित मेला स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं की समीक्षा की। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों को मुहर्रम के दौरान मेडिकल कैंप, अस्थायी शौचालय और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। साथ ही लोगों से भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।

