हजारीबाग के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मालवीय मार्ग में बाल संसद के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, भारत माता पूजन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक आशुतोष कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव ज्ञानचंद प्रसाद मेहता और प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार पाठक ने नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं को पद एवं

गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि बाल संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का प्रभावी मंच है। उन्होंने छात्रों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने विद्यालय, समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

