दिल्ली के नेहरू विहार में राशिद हत्याकांड के मुख्य आरोपी हरून सैफी उर्फ गब्बर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 15 जून को राशिद की दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की। आखिरकार खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास स्पेशल स्टाफ की टीम ने आरोपी को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि

गिरफ्तारी से बचने के लिए हरून ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें हरून के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और वारदात के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।

