छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के करवे गांव से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव में पिछले तीन महीनों के दौरान हुई 8 संदिग्ध मौतों ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस ने इस मामले में राम सहाय जायसवाल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतकों को जहरीली शराब पिलाई गई थी।

वहीं ग्रामीणों का दावा है कि जमीन में दबे खजाने को पाने के लिए 21 लोगों की बलि देने की साजिश रची गई थी। गांव में 6 फरवरी से 14 मई के बीच अलग-अलग तारीखों में लगातार मौतें हुईं, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने आरोपी को गांव में घुमाकर लोगों से पहचान कराई और अब पूरे मामले का खुलासा करने की तैयारी में है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौतों के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।

