इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के एक बड़े अंडरग्राउंड ड्रोन ठिकाने का पता लगाने का दावा किया है। सेना के मुताबिक यह गुप्त फैसिलिटी इजरायली सीमा से करीब 6 किलोमीटर दूर मजदल जौन गांव के नीचे पहाड़ के अंदर बनाई गई थी। बताया जा रहा है कि यहां ईरान में बने ड्रोन को जोड़ने और इजरायल की ओर लॉन्च करने का काम किया जाता था।

इजरायली अधिकारियों के अनुसार, यह सुरंग कई सौ मीटर लंबी और लगभग 29 मीटर गहरी है। ऑपरेशन के दौरान सैनिकों को ड्रोन असेंबली रूम और करीब 50 विस्फोटक वॉरहेड वाले ड्रोन मिले हैं। सेना का कहना है कि ऐसे ही ड्रोन पहले इजरायल पर हुए हमलों में इस्तेमाल किए गए थे। इस खोज को हिजबुल्लाह की सैन्य क्षमताओं को समझने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

