हजारीबाग में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, नेस्ले इंडिया और नासवी के संयुक्त तत्वावधान में स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए एक दिवसीय खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंज़र हुसैन ने किया। इस प्रशिक्षण के तहत लगभग 100 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को दो बैचों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है।

प्रशिक्षण में वेंडर्स को व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य भंडारण, स्वच्छ खाद्य प्रबंधन और उपभोक्ता स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान एप्रन, ग्लव्स और हेयर गियर के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। यह पहल सुरक्षित भोजन और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

