जबरन वसूली, अवैध बालू तस्करी, आतंक फैलाने और चुनावोत्तर हिंसा के आरोप में गिरफ्तार पांडवेश्वर के युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष शेख अलाउद्दीन को शनिवार को दुर्गापुर महकमा अदालत ले जाते समय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। थाना परिसर में मौजूद आक्रोशित लोगों ने उन पर अंडे फेंके और “चोर-चोर” के नारे लगाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बल को तैनात करना पड़ा। सुरक्षा घेरे में शेख अलाउद्दीन को पुलिस वाहन तक पहुंचाया गया। उन पर अजय नदी क्षेत्र में अवैध बालू तस्करी, जबरन वसूली तथा क्षेत्र में

आतंक का माहौल बनाने के आरोप हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले भी उनके खिलाफ कई शिकायतें हुई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद शिकायतों की जांच के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को उन्हें गिरफ्तार किया। अदालत ले जाते समय मीडिया द्वारा गिरफ्तारी के संबंध में पूछे गए सवाल पर शेख अलाउद्दीन ने कहा कि उन्हें अपनी गिरफ्तारी के कारणों की कोई जानकारी नहीं है। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

