हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के अस्थि रोग विभाग ने पहली बार एक 28 वर्षीय युवक का जटिल पेल्विस ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया है। सड़क दुर्घटना में घायल तारकेश्वर राम के पेल्विस और दोनों पैरों की हड्डियां टूट गई थीं। प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने सफल सर्जरी कर मरीज को नई जिंदगी दी। वहीं, एक अन्य मरीज दिलकेश्वरी देवी का घुटना प्रत्यारोपण

भी सफल रहा। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों को एक दुर्लभ बीमारी सिनोवियल कोंड्रोमैटोसिस के लक्षण मिले, जो करीब 30 वर्षों से मौजूद थी। दोनों मरीजों की स्थिति अब स्थिर है। अस्पताल प्रशासन ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब हजारीबाग और आसपास के मरीजों को जटिल इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

