नीट 2026 परीक्षा को लेकर हजारीबाग जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। आगामी 21 जून को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर जिले के विभिन्न होटलों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह, डीएसपी अरमानुल हक और पुलिस टीम ने कोर्रा थाना क्षेत्र के कई होटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान होटलों में ठहरे लोगों का सत्यापन किया गया और होटल संचालकों को पहचान

पत्रों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा। प्रशासन का कहना है कि NEET परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

