धनबाद के सिजुआ क्षेत्र स्थित कनकनी कोलियरी के बंद हिलटॉप आउटसोर्सिंग पैच में भारी मात्रा में ओबी (ओवरबर्डन) स्लाइड होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। लगातार हो रही स्लाइडिंग के कारण लोयाबाद से कनकनी हनुमान बाजार और कनकनी सात नंबर मोहल्ले को जोड़ने वाले मार्ग पर खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले से ही अग्नि प्रभावित है, जहां से गैस और धुआं निकलता रहता है। इससे पहले भी ओबी स्लाइडिंग के कारण सड़क, मंदिर

और आसपास के घरों में दरारें पड़ चुकी हैं। हाल ही में टंडा बारी में हुई घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि कोलियरी प्रबंधन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्र में शिव मंदिर, हनुमान मंदिर, काली मंदिर, दुर्गा मंदिर और एक राजकीय मध्य विद्यालय भी स्थित है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

