गुजरात के सूरत शहर में गुरुवार सुबह एक बड़ा अग्निकांड हो गया। अडाजन क्षेत्र में स्थित एक टीवीएस ईवी शोरूम और अपोलो फार्मेसी में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम के साथ-साथ पास का आइसक्रीम पार्लर और मेडिकल स्टोर भी इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना

मिलते ही दमकल विभाग की 10 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग में 15 से अधिक वाहन जलकर खाक हो गए। दमकल कर्मियों ने दुकानों के शटर तोड़कर आग बुझाई और उसे आसपास की अन्य दुकानों तथा रेस्टोरेंट तक फैलने से रोक दिया। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

