झरिया, धनबाद। शारदा विश्वविद्यालय, आगरा एवं मनीष क्लासेज, धनबाद के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 13 जून 2026 को श्री अग्रवाल धर्मशाला, चिल्ड्रेन पार्क के समीप, झरिया (धनबाद) में “प्रतिभा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम सायं 4:00 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में शारदा विश्वविद्यालय, आगरा के कार्यवाहक कुलपति प्रो. (डॉ.) परमा नंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ आउटरीच निदेशक श्री साइबल चटर्जी, क्षेत्रीय प्रबंधक (आउटरीच) श्री आतिफ सिद्दीकी तथा क्षेत्रीय प्रबंधक (आउटरीच) श्री सुमित सिंह भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल आयोजन मनीष क्लासेज के संस्थापक श्री मनीष शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्रो. (डॉ.) परमा नंद ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उच्च शिक्षा, करियर निर्माण, व्यक्तित्व विकास तथा भविष्य में उपलब्ध विभिन्न संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर श्री साइबल चटर्जी ने भी विद्यार्थियों के साथ विस्तृत संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न आयामों, उद्योग जगत की वर्तमान आवश्यकताओं, कौशल विकास, नवाचार तथा नेतृत्व क्षमता के महत्व से अवगत कराया। समारोह के सफल आयोजन पर शारदा विश्वविद्यालय के चांसलर श्री पी. के. गुप्ता एवं प्रो-चांसलर श्री के. के. गुप्ता ने संपूर्ण आयोजन टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

