हजारीबाग में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चल रहे राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान के तहत तीसरे दिन जिलेभर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से पांच प्रचार रथों के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। प्रचार रथों पर एलईडी स्क्रीन के जरिए नशामुक्ति से संबंधित ऑडियो जिंगल और लघु फिल्मों का प्रसारण किया गया, वहीं आमजनों के बीच पंपलेट भी

वितरित किए गए। इसके अलावा जिले के 20 विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक दलों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे से होने वाले सामाजिक और पारिवारिक नुकसान की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। जिला प्रशासन ने नागरिकों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।

