हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड स्थित नावाटांड़ निवासी पर्यावरण प्रेमी, सर्प मित्र और समाजसेवी सुरेश राम ने 26वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की है। डीवीसी डिस्पेंसरी अस्पताल, कोनार डैम में आयोजित रक्तदान शिविर में उन्होंने अपने सहयोगियों राम प्रवेश सिंह और रवि कुमार रविदास के साथ रक्तदान किया। सुरेश राम ने बताया कि रक्तदान से जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है और यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने समाज

के लोगों से नियमित रक्तदाता बनने की अपील की। सुरेश राम अब तक 1409 सांपों समेत कई बेजुबान जीवों का रेस्क्यू कर उनकी जान बचा चुके हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में गुजरात और मुंबई का दौरा कर मजदूरों से मुलाकात की और उन्हें सुरक्षा व आत्मरक्षा से जुड़ी जानकारी भी दी। उनका कहना है कि सेवा ही जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है।
