इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां 70 वर्षीय मंदिर सेवादार कैलाश मोदी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, कैलाश मोदी लंबे समय से मंदिर में सेवा कार्य कर रहे थे। आरोप है कि मंदिर परिसर में शराब पीने से रोकने पर चौकीदार मुकेश शर्मा से उनका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में डंडा उठाकर बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि आरोपी ने कैलाश

मोदी पर करीब 31 बार डंडे से वार किए। हमले से बचने के लिए बुजुर्ग मंदिर से भागकर पास के गुरुद्वारे तक पहुंचे, लेकिन आरोपी ने पीछा नहीं छोड़ा और लगातार हमला करता रहा। गंभीर रूप से घायल कैलाश मोदी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

