आसनसोल दक्षिण में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शौचालय निर्माण अभियान को तेज कर दिया गया है। राज्य की शहरी विकास एवं नगर निकाय मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे दो दिनों के भीतर विभिन्न श्रेणियों के तहत आवश्यक स्थानों और लाभार्थियों की सूची तैयार कर भेजें। मंत्री ने बताया कि जिन परिवारों के पास अपनी जमीन है लेकिन घर में शौचालय नहीं है, वे अपना नाम और मोबाइल नंबर संबंधित मंडल अध्यक्ष को दें। ऐसे पात्र परिवारों के लिए व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही जिन शहरी बस्तियों में शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां सामुदायिक शौचालय बनाए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों और संस्थाओं से अनुमति लेकर निर्माण कार्य कराया जाएगा।

उन्होंने बाजार, बस स्टैंड, हाट और अन्य सार्वजनिक स्थानों की भी सूची मांगी है, जहां शौचालय की सुविधा नहीं है। इन स्थानों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग सार्वजनिक शौचालय बनाने की योजना तैयार की जा रही है। पर्यटन स्थलों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है। मंत्री के अनुसार आसनसोल दक्षिण के संभावित पर्यटन क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त अत्याधुनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके। अग्निमित्रा पाल ने कहा कि फिलहाल केवल स्थानों की सूची, लाभार्थियों के नाम और मोबाइल नंबर मांगे गए हैं। भूमि संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक जानकारी बाद के चरण में ली जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए समय पर संबंधित मंडल अध्यक्षों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।

