विधानसभा चुनाव से पूर्व कोयला एवं बालू तस्करी के मुद्दे को लेकर लगातार मुखर रहने वाली भाजपा के नेताओं ने अब एक बार फिर क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के बढ़ने पर चिंता व्यक्त की है। आरोप है कि जामुड़िया थाना क्षेत्र के चुरुलिया स्थित अजय नदी घाट तथा बांकुड़ा जिले के मेजिया स्थित दामोदर नदी घाट से वैध खनन की आड़ में अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रात के समय कथित तौर पर फर्जी चालानों के माध्यम से बालू लदे ट्रकों का आवागमन हो रहा है। साथ ही ट्रकों में निर्धारित क्षमता से अधिक बालू लादकर परिवहन किए जाने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि सरकारी नियमों के विरुद्ध मेजिया दामोदर घाट क्षेत्र में नदी के बीच बांध बनाकर पोकलेन मशीनों से बालू निकाला जा रहा है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन और नदी के अस्तित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इस संबंध में भाजपा आसनसोल दक्षिण ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष परिमल माझी ने कहा कि मेजिया दामोदर नदी

घाट से प्रशासन की अनुमति प्राप्त कंपनी द्वारा बालू खनन किया जा रहा है, लेकिन नदी के मध्य भाग में बांध बनाकर खनन किए जाने पर उन्हें पहले भी आपत्ति थी और आज भी है। उन्होंने कहा कि नदी को सुरक्षित रखते हुए ही खनन कार्य किया जाना चाहिए। परिमल माझी ने यह भी आरोप लगाया कि कई ट्रकों में ओवरलोड बालू का परिवहन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस प्रशासन, बीएल एंड एलआरओ तथा बांकुड़ा जिला प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी चर्चा मंत्री अग्निमित्रा पॉल से भी हुई है। हालांकि, खनन कार्य से जुड़े आरोपों पर संबंधित कंपनी अथवा जिला प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है तथा स्थानीय लोग प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

