झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हजारीबाग के बैनर तले बरही प्रखंड की कोल्हू कला पंचायत में 90 दिवसीय कानूनी जागरूकता आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डीएलएसए सचिव डॉ. रवि प्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान प्रशिक्षित अधिकार मित्रों ने ग्रामीणों को घरेलू हिंसा, डायन प्रथा प्रतिषेध कानून, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, यौन शोषण, पॉक्सो एक्ट, मोटर वाहन कानून और बाल श्रम जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में लोगों को बताया गया कि छोटे-मोटे विवादों का समाधान डीएलएसए के न्याय सदन के माध्यम से आपसी समझौते से निःशुल्क कराया जा सकता है। साथ ही राष्ट्रीय लोक अदालत, मुफ्त कानूनी सहायता और हेल्पलाइन नंबर 15100 व 1930 की जानकारी भी दी गई। जिले के सभी 16 प्रखंडों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

