धनबाद के गोविंदपुर ऊपर बाजार स्थित जगत जननी मां दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित भव्य श्रीहरि कीर्तन महोत्सव में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद के आगमन पर आयोजन समिति और श्रद्धालुओं ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा और भगवान श्रीहरि के चरणों में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

कीर्तन मंडली द्वारा प्रस्तुत हरिनाम संकीर्तन, भजन और भक्तिगीतों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। सांसद ढुल्लू महतो भी श्रद्धालुओं के बीच बैठकर संकीर्तन में शामिल हुए और भक्ति भाव में लीन होकर कीर्तन की धुन पर झूमते नजर आए। देर रात तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। “हरे राम-हरे कृष्ण” और “जय माता दी” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।

