हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी इलाके में पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 साल की बच्ची समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शुक्रवार दोपहर का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका

उपचार जारी है। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन में सवार सभी लोग पर्यटक थे जो कुल्लू-मनाली घूमने आए थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

