हजारीबाग में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसपी ने पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा कर फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।

साथ ही सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी जुलूसों की सूची तैयार कर उन पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार, साइबर अपराध और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों को वारंट, कुर्की-जब्ती और फरार अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कोयला, बालू और पत्थर खनन पर सख्त कार्रवाई करने तथा संगठित अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज करने का आदेश दिया गया है। पुलिस ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया है।

