उपायुक्त हेमंत सती ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, अस्पतालों में सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बिजली, साफ-सफाई, पार्किंग, सोलर पैनल, कूलर, पंखे और मरीजों के लिए बैठने की व्यवस्था समेत अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने ब्लड बैंक की स्थिति की समीक्षा करते हुए सदर अस्पताल में ब्लड सेपरेटर मशीन लगाने की स्वीकृति दी, जिससे मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। आयुष्मान भारत योजना, संस्थागत प्रसव और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। उन्होंने टीबी से स्वस्थ हो चुके मरीजों को ब्रांड एंबेसडर बनाने का सुझाव दिया। साथ ही सहिया के रिक्त पदों को जल्द भरने, स्वास्थ्य केंद्रों में सोलर सिस्टम, एंबुलेंस और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

