झारखंड में मॉनसून की एंट्री अब करीब आ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में मॉनसून पहुंचने में अभी करीब चार दिन और लगेंगे। संताल परगना के रास्ते मॉनसून झारखंड में प्रवेश करेगा। इससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने 11 जून के लिए रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

12 जून को बोकारो, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और दुमका में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं कई अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
13 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

