हजारीबाग के विष्णुगढ़ अंचलाधिकारी नित्यनाद दास को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। जहां एक ओर स्थानीय सांसद और विधायकों ने सीओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके तबादले की मांग की है, वहीं दूसरी ओर कोनार डीवीसी के विस्थापित उनके समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। मंगलवार को करीब 500 विस्थापित हजारीबाग पहुंचे और उपायुक्त से मुलाकात कर सीओ के स्थानांतरण का विरोध जताया।

विस्थापितों का कहना है कि नित्यनाद दास की पहल से 70 वर्षों से लंबित डीवीसी भूमि विवाद के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उनके अनुसार अब तक 18 विस्थापितों के नाम लगान रसीद जारी हो चुकी है और शेष लोगों के जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है। विस्थापितों को आशंका है कि यदि इस समय सीओ का तबादला हुआ तो वर्षों पुराना मामला फिर से अटक सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की है।

