कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में एक दंपत्ति को महज 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि 4 जून की शाम उसे आरोपी एकराम अंसारी और उसकी पत्नी शाहिदा बेगम ने अपने घर बुलाया। वहां कथित रूप से उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया,

जिसके बाद आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इस दौरान आरोपी की पत्नी मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करती रही। पीड़िता का कहना है कि बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। मामले में रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

