ग्लोबल मार्केट में आई कमजोरी का असर भारतीय सर्राफा बाजार पर भी देखने को मिला है। बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अगस्त फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट के लिए सोना करीब ₹2,517 टूटकर ₹1,49,926 प्रति 10 ग्राम पर खुला। वहीं जुलाई फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट की चांदी ₹4,519 की भारी गिरावट के साथ ₹2,34,009 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतें करीब 11 सप्ताह के निचले स्तर

पर पहुंच गई हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और ब्याज दरों को लेकर बढ़ी अनिश्चितता का असर कीमती धातुओं पर पड़ा है। हालांकि, कीमतों में आई इस गिरावट से सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को राहत मिल सकती है, जबकि निवेशकों की नजर अब आगे के बाजार रुख पर टिकी हुई है।

