धनबाद के झरिया-पाथरडीह क्षेत्र में पुलिस ने अवैध लोहे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पाथरडीह थाना पुलिस ने भौरिक खटाल के पास स्थित एक अवैध गोदाम पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो पिकअप वैन जब्त की हैं, जिनके नंबर JH10CX-7196 और BR45GB-0711 बताए जा रहे हैं। मौके से गोदाम संचालक राजू खान और शाहरुख खान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि जब्त वाहनों में से एक

में रेलवे से चोरी किया गया लोहे का सामान लदा हुआ था। इस मामले की जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि झरिया, बनियाहीर, पाथरडीह और कतरास इलाके में अवैध लोहे के गोदामों का नेटवर्क सक्रिय है। थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।

