केरेडारी थाना अंतर्गत पगार ओपी क्षेत्र में चंद्रगुप्त कोल परियोजना में अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया है। घटना सोमवार की रात दस न बजे की बतायी जा रही है। अपराधियों ने कोल माइंस क्षेत्र में खड़े एक वाहन को निशाना बनाते हुए फायरिंग की और हवाई फायरिंग भी किये और घटना को अंजाम देकर निकल गये। बताया जा रहा है कि घटना पगार ओपी क्षेत्र की है जहां पहले व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से खुलेआम फायरिंग की धमकी दी गयी थी। निर्धारित समय पर अपराधियों द्वारा फायरिंग किये जाने से इलाके में भय का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद जिले के एसपी अमन कुमार बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद व केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय और पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल मंगलवार को घटना स्थल पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच की। इस दौरान पुलिस ने तीन खोखा बरामदे किया

जबकि आठ पर्ची भी मिली है जिसमें अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का जिक्र है। वहीं पत्रकारों से बात करते हुए एसपी अमन कुमार ने कहा की प्रारंभिक जांच में राहुल दुबे गैंग के द्वारा घटना को कारित किये जाने की बात सामने आ रही है वैसे पुलिस हर पहलु पर जांच कर रही है और जो भी अपराधी इस घटना में संलिप्त होंगे उन्हें जल्द से जल्द पुलिस अपनी गिरफ्त में लेगी। साथ ही क्षेत्र में सक्रिय दुबे गैंग के सभी लोगों पर भी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। वहीं प्रिंस खान के द्वारा सोशल मीडिया व्हाट्सअप के माध्यम से परियोजना के अधिकारी को धमकी दिये जाने को लेकर एसपी ने कहा की यह मामला भी संज्ञान में है लेकिन अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी है फिर भी मामले पर पुलिस की नजर है।

