धनबाद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में न्यू टाउन हॉल में सभी बीएलओ सुपरवाइजरों की बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक भी योग्य मतदाता छूटना नहीं चाहिए और कोई अयोग्य व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। इसी उद्देश्य से प्रत्येक प्रखंड में बीएलओ सुपरवाइजर कोषांग का गठन किया गया है, जहां कंप्यूटर, ऑपरेटर, फोटो प्रिंट मशीन, जेरोक्स मशीन और बिजली

बैकअप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उपायुक्त ने बीएलओ सुपरवाइजरों को निष्क्रिय बीएलओ को बदलने, जरूरत पड़ने पर स्वयंसेवकों की मदद लेने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण और संग्रहण किया जाएगा, जबकि 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। बैठक में नगर आयुक्त आशीष गंगवार, एसडीएम लोकेश बारंगे, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा समेत सभी संबंधित अधिकारी और बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

