बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आ गया है। MLC टिकट नहीं मिलने से नाराज पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। शिवचंद्र राम एमएलसी उम्मीदवारों की दौड़ में शामिल थे, लेकिन पार्टी ने एक बार फिर सुनील सिंह को उम्मीदवार बनाया। इससे नाराज होकर उन्होंने वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ने

का फैसला किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवचंद्र राम भावुक हो गए और रो पड़े। उन्होंने कहा कि पिछले चार दिनों से वह सो नहीं पाए हैं और उनके साथ नाइंसाफी हुई है। वहीं, लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर शिवचंद्र राम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक समाज और संगठन के लिए काम करने वाले नेता के साथ ऐसा व्यवहार निराशाजनक और निंदनीय है। तेज प्रताप ने उनके संघर्ष में साथ खड़े रहने का भरोसा भी दिया है।

