पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित रूपनारायणपुर सब्जी बाजार में रविवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर 20 से अधिक दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान, सब्जियां और अन्य व्यापारिक सामग्री भी नष्ट हो गई, जिससे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

हालांकि संकरे और अतिक्रमणयुक्त रास्तों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि बाजार बंद होने के कारण इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

