फिलीपींस में आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप का एक डरावना वीडियो सामने आया है। यह घटना दावाओ ऑक्सिडेंटल प्रांत के मलिटा स्थित महायाहाय एलीमेंट्री स्कूल की है, जहां सोमवार सुबह छात्र और शिक्षक झंडारोहण समारोह में शामिल थे। इसी दौरान अचानक भूकंप के तेज झटके महसूस होने लगे और पूरा परिसर हिलने लगा। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्रों के पीछे मौजूद एक छोटा ढांचा भूकंप के कारण ढह जाता है। अचानक आई इस स्थिति से

स्कूल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्कूल प्रशासन ने पुष्टि की है कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं। भूकंप के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

