फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद कई तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। भूकंप का केंद्र मिंडानाओ क्षेत्र में जनरल सैंटोस शहर के पास 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप के तेज झटकों के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि लोगों को सुरक्षित स्थानों और ऊंचे इलाकों में

जाने की सलाह दी गई है। पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर के अनुसार फिलीपींस के कुछ तटों पर 3 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरें उठ सकती हैं। वहीं इंडोनेशिया और मलेशिया के तटीय क्षेत्रों में भी खतरे की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

