कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 100.94 ग्राम हेरोइन, एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक स्मार्टफोन बरामद किया है। मोहनिया के एसडीपीओ Gopal Krishna ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कुदरा पुलिस ने एनएच-19 के समीप विश्रामपुर-रामपुर सड़क पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अपाचे बाइक पर सवार तीन संदिग्ध

पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक कुमार, गोरख कुमार उर्फ गोरख मल्लाह और चंदन कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने हेरोइन मोहनिया निवासी सोनू कुमार से खरीदने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार गोरख कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच और छापेमारी जारी है।
