धनबाद के झरिया स्थित भौंरा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। भौंरा 5 नंबर जहाजटांड़ बस्ती में सुबह करीब चार बजे तेज हवा के कारण जलमीनार पर लगी सिंटेक्स पानी की टंकी टूटकर नीचे घरों पर गिर गई। इस हादसे में किशोर कुमार और फुलचंद बाउरी के घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टंकी गिरने से घर की एस्बेस्टस छत टूट गई और एक बच्चा घायल हो गया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पीड़ित परिवारों ने बताया कि अचानक हुई इस घटना से उन्हें काफी नुकसान हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि जलमीनार की टंकी क्षतिग्रस्त होने से करीब 300 लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा व सहायता देने की मांग की है।

