पंजाब के Firozpur में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। फाजिल्का रोड पर गांव जंगा वाला के पास ट्रक और महिंद्रा पिकअप जीप की जोरदार टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, पिकअप में करीब 25 लोग सवार थे, जो जलालाबाद से बियास डेरा राधा स्वामी में एक रिश्तेदार की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे।

हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को फिरोजपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

