धनबाद के कनकनी क्षेत्र में बीसीसीएल की आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा की जा रही ओबी डंपिंग और एकरा जोरिया क्षेत्र में प्रस्तावित निर्माण कार्य के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आंदोलन की सूचना मिलते ही धनबाद मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। निरीक्षण के दौरान मेयर ने बीसीसीएल अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि एकरा जोरिया पर पुल निर्माण और ओबी डंपिंग

किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र ग्रामीणों की जीवनरेखा है और यहां के जलस्रोत, पर्यावरण तथा कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी योजना का विरोध किया जाएगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार ओबी डंपिंग से पर्यावरण और खेती प्रभावित हो रही है। मेयर ने आश्वासन दिया कि जनता की आवाज को उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा और जनहित के खिलाफ किसी भी फैसले का पुरजोर विरोध किया जाएगा।

