आगरा के रामबाग स्थित चंदन नगर में उस समय हंगामा मच गया, जब बड़ी संख्या में महिलाओं ने देशी शराब के ठेके के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नाराज महिलाओं ने ठेके का ताला तोड़कर जमकर तोड़फोड़ की और शराब की पेटियों को सड़क पर फेंक दिया। कुछ पेटियों में आग भी लगा दी गई। स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि वे लंबे समय से इस शराब के ठेके का विरोध कर रही हैं। उनका कहना है कि ठेके की वजह से इलाके का माहौल खराब हो रहा है और यहां हर

समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। महिलाओं और बच्चियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप है कि ठेकेदार निर्धारित समय का पालन नहीं करता और सुबह 4 बजे से ही शराब की बिक्री शुरू कर देता है। वहीं रात 10 बजे के बाद भी ठेके पर लोगों की भीड़ बनी रहती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल, चंदन नगर में शराब के ठेके को लेकर विवाद और विरोध का यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

