राजधानी दिल्ली के करावल नगर इलाके से बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रकाश विहार में एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। राहत की बात यह रही कि इमारत में दरारें आने के बाद उसे पहले ही खाली करा लिया गया था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत गिरते ही इलाके में धूल का बड़ा गुबार उठ गया और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि मकान के पास नाले के निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा था, जिसके चलते भवन में दरारें दिखाई देने लगी थीं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया था। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां इमारत गिरने के कारणों की जांच कर रही हैं।
इस घटना के बाद सरकार ने दिल्ली नगर निगम को असुरक्षित इमारतों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। राजधानी में अब इमारतों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

