उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के देहरादून केंद्र ने आज, 5 जून के लिए राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल समेत कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी

विक्षोभ के सक्रिय होने और पाकिस्तान व उत्तर हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। फिलहाल प्रशासन और मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

