हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल यानी एसबीएमसीएच की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सांसद मनीष जायसवाल ने गंभीर चिंता जताई है। उनके निर्देश पर सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. के.के. सिंह से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे सीनियर फिजिशियन और सर्जन की तैनाती, आईसीयू में वेंटिलेटर सुविधा बहाल करने, खराब पड़े पीएसए ऑक्सीजन प्लांट को चालू कराने और

पोस्टमार्टम विभाग की निगरानी बढ़ाने की मांग की गई। इसके अलावा वार्डों में खराब एसी, पंखे, लिफ्ट, पेयजल और जनरेटर जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं भी उठाई गईं। रंजन चौधरी ने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अस्पताल अधीक्षक डॉ. के.के. सिंह ने सभी शिकायतों पर जल्द कार्रवाई कर व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया है।

