वर्ष 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद कथित राजनीतिक हिंसा से जुड़े एक मामले में रानीगंज थाना पुलिस ने तृणमूल युवा कांग्रेस के रानीगंज शहर अध्यक्ष शुभो भट्टाचार्य और तृणमूल छात्र परिषद के जिला नेता तितास बनर्जी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भाजपा मंडल-1 के सक्रिय कार्यकर्ता कौशिक मुखर्जी की शिकायत पर की गई।

मुखर्जी ने आरोप लगाया है कि चुनाव के बाद दोनों नेताओं और उनके समर्थकों ने उनके तथा उनके परिवार के साथ मारपीट और उत्पीड़न किया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। कौशिक मुखर्जी ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

