उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को उनके सरकारी आवास पर आयोजित कैबिनेट बैठक में 24 प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई है। जिनमें किसानों, यात्रियों और सरकारी सेवाओं से जुड़े बड़े निर्णय शामिल हैं। सरकार ने मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2225 रुपये से बढ़ाकर 2400 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही 15 जून से 31 जुलाई तक कई जिलों में सरकारी खरीद भी की जाएगी। यात्रियों के लिए भी राहत दी गई है, जहां 18 शहरों में 1725 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाने का फैसला लिया

गया है। वहीं राज्य में 5 नई जेलों के निर्माण को भी मंजूरी मिली है। इसके अलावा जेलों में बंदियों की मौत के मामलों में परिवार को 5 लाख रुपये तक और आत्महत्या की स्थिति में 3 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है। सरकारी वकीलों के मानदेय और भत्तों में बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी गई है, जिससे न्यायिक व्यवस्था से जुड़े कर्मियों को राहत मिलेगी। सरकार के इन फैसलों को किसानों, यात्रियों और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।

