बोकारो में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गैंग के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बालीडीह पुलिस ने गैंग के करीबी सहयोगी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी से रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा था। उसे पकड़ने के लिए तत्कालीन एसपी द्वारा गठित एसआईटी

लगातार निगरानी और छापेमारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि बोकारो पहुंचते ही आरोपी पुलिस के बिछाए जाल में फंस गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। एसआईटी की टीम कई जिलों में लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि गैंग से जुड़े सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

