उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में खेल विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित कर विभिन्न खेल गतिविधियों एवं खेल अधोसंरचना से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी को पूर्व में दिए गए निर्देशों का समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कर्ज़न स्टेडियम स्थित साक्षारता कार्यालय एवं नेहरू युवा केंद्र को पुराने समाहरणालय भवन में स्थानांतरित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उपायुक्त ने जिला योजना पदाधिकारी को सोलर एवं इलेक्ट्रिक हाई मास्ट लाइट उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निविदा प्रक्रिया पूरी कर टेंडर फाइनल करने का निर्देश दिया। साथ ही बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षक (कोच) की व्यवस्था हेतु विभागीय

स्तर पर पत्राचार करने का निर्देश जिला खेल पदाधिकारी को दिया। बैठक में कर्ज़न स्टेडियम के सौंदर्यीकरण हेतु उपायुक्त ने सीएसआर मद से स्टेडियम में सोलर एवं इलेक्ट्रिक हाई मास्ट लाइट लगाने, शौचालयों की मरम्मत एवं प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने तीरंदाजी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों की आवश्यकताओं जैसे टी-शर्ट, जूते, बॉल आदि उपलब्ध कराने के लिए बैंक से समन्वय स्थापित करने का निर्देश जिला योजना पदाधिकारी को दिया। इसके अलावा खेलो इंडिया के अंतर्गत चेंजिंग रूम निर्माण, हॉकी सेंटर में टर्फ निर्माण तथा डे-बोर्डिंग खिलाड़ियों के लिए आवासीय केंद्र संबंधी प्रस्ताव विभाग को भेजने का निर्देश भी दिया। बैठक में उपायुक्त श्री हेमन्त सती के अलावे जिला योजना पदाधिकारी श्री पंकज तिवारी, जिला खेल पदाधिकारी श्री कैलाश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

