उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिजनौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान से आए विस्थापित परिवारों और पूर्व सैनिकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए। इस पहल के तहत कुल 1,645 परिवारों और लीजधारकों को जमीन का मालिकाना हक दिया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से अपने अधिकारों का इंतजार कर रहे लोगों को अब न्याय मिलने का रास्ता साफ हुआ है। उन्होंने कहा कि विभाजन और उसके बाद पाकिस्तान में बढ़ती धार्मिक कट्टरता के कारण हजारों हिंदू और सिख परिवारों को अपना घर-बार

छोड़कर भारत आना पड़ा था। इनमें से कई परिवार वर्षों से जमीन के अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे थे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास और सामाजिक समरसता को सरकार की प्राथमिकता बताया। योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

