उत्तराखंड से बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है। लगातार बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के चलते एहतियातन रोकी गई केदारनाथ यात्रा को एक बार फिर शुरू कर दिया गया है। रविवार सुबह खराब मौसम और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी थी। रुद्रप्रयाग जिले के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण यह फैसला लिया गया था। हालांकि अब मौसम में सुधार और बारिश रुकने के बाद प्रशासन ने यात्रा बहाल कर दी है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ ट्रेकिंग मार्ग पर तीर्थयात्रियों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है। खराब मौसम के

दौरान विभिन्न चेकपॉइंट्स पर सुरक्षित रूप से रोके गए श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतें और जारी किए गए सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल मौसम में सुधार के साथ बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सफर फिर से शुरू हो गया है।

