झरिया: भौंरा ओपी क्षेत्र के कालीमेला दामोदर नदी श्मशान घाट में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब यात्री शेड के अंदर एक युवक का खून से सना शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान होरलाडीह 3 नंबर निवासी 20 वर्षीय दिलशाद अंसारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दिलशाद 31 मई की रात घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने दोस्त अमित से मिलने जा रहा है। लेकिन पूरी रात घर वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने अंतिम संस्कार के लिए घाट पहुंचने के दौरान यात्री शेड में शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर

पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक का गला किसी धारदार हथियार से काटा गया है। आसपास फैला खून हत्या की बर्बरता की कहानी बयां कर रहा था। मौके से पुलिस ने एक पैशन प्लस मोटरसाइकिल, चाबी, खून से सना कागज, खाने-पीने का सामान, चिकन चिल्ली, भुजिया, माचिस और एक जोड़ी चप्पल बरामद की है। सभी सामानों को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। भौंरा पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है। इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। आखिर दोस्त से मिलने निकले दिलशाद की मौत के पीछे कौन है? यह सवाल फिलहाल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

